नई दिल्ली/ कोलकाता बीसीसीआई अध्यक्ष ने सोमवार को उम्मीद जताई की बांग्लादेश की टीम ईडन गार्डन्स्स में होने वाले टेस्ट मैच को दिन-रात्रि में खेलने के लिए सहमत होगी। ईडन गार्डन्स में यह मुकाबला 22 से 26 नवंबर तक खेला जाना है। बांग्लादेश की टीम हालांकि गुलाबी गेंद से खेलने से बचना चाहती है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) अपने सीनियर खिलाड़ियों के साथ बैठक कर इस मामले में अपने फैसले के बारे में बीसीसीआई अध्यक्ष को सोमवार देर शाम या मंगलवार सुबह तक सूचित कर देगा। गांगुली ने कहा, 'मैंने बीसीबी अध्यक्ष (नजमुल हसन) से बात की है। वह सहमत हैं, वह इस मामले पर खिलाड़ियों से बात करना चाहते हैं। मुझे यकीन है कि यह डे-नाइट टेस्ट मैच होगा। वे जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी करेंगे। उम्मीद है, आज रात 10-10.30 बजे तक हमें इसकी सूचना मिल जाए।' बीसीबी के क्रिकेट संचालन प्रमुख और पूर्व कप्तान अकरम खान ने स्वीकार किया कि जहां तक दूधिया रोशनी में गुलाबी गेंद से खेलने की बात है तो टीम के साथ तैयारी की कमी जैसे व्यावहारिक मुद्दे हैं। उन्होंने कहा, 'यह एक शानदार पहल है। लेकिन हमें खिलाड़ियों को विश्वास में लेने की जरूरत है। यदि आप यात्रा कार्यक्रम को देखते हैं तो हमें दूधिया रोशनी में गुलाबी गेंद से प्रशिक्षण और तैयारियों के लिए शायद दो दिन ही मिलेंगे। यह तैयारी के लिए बहुत कम समय है। खिलाड़ी बोर्ड अध्यक्ष से मुलाकात कर रहे हैं। उम्मीद है कि आज रात या कल (मंगलवार) सुबह तक फैसला हो जाएगा।' गांगुली चाहते हैं कि इस बारे में बांग्लादेश बोर्ड सोमवार की रात तक फैसला कर ले ताकि उसके मुताबिक तैयारियां शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा, 'अगर हमें आज रात तक उनके फैसले के बारे में पता चल जाता है तो कल से अपनी योजना पर काम करना शुरू कर देगें। इस टेस्ट मैच के दौरान अभिनव बिंद्रा, एमसी मैरी कॉम और पीवी सिंधू जैसे दिग्गज ओलिंपिक पदक विजेताओं को आमंत्रण भेजने की योजना है। बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ' हम उन्हें आमंत्रित करना चाहते हैं और उन्हें सम्मानित करने की योजना बना रहे हैं। हम फिलहाल बीसीबी की पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। इसमें स्कूली बच्चों को भी स्टेडियम लाने की योजना है, जिसके लिए उन्हें मुफ्त पास दिए जाएंगे।' गांगुली चाहते हैं कि जिस तरह ऑस्ट्रेलिया में वार्षिक 'पिंक टेस्ट' (डे-नाइट) टेस्ट मैच का आयोजन होता है उसी तरह ईडन गार्डन्स में भी सालाना तौर पर डे-नाइट टेस्ट मैच का आयोजन हो। गांगुली ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि ईडन गार्डन्स में वार्षिक तौर पर का आयोजन हो।' भारतीय क्रिकेटर लंबे समय से टेस्ट मैच को दिन-रात्रि में खेलने से बचते रहे हैं लेकिन गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि कप्तान विराट कोहली दिन-रात्रि टेस्ट खेलने के विचार से सहमत हैं और निकट भविष्य में इसका आयोजन हो सकता है।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/36b5oYp






0 comments:
Post a Comment