नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच 21 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज हो रहा है। इस सीरीज से पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने युवा पाकिस्तानी खिलाड़ी की खूब तारीफ की है। पॉन्टिंग ने आजम से काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा आजम एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी सामने नहीं आया है। क्रिकेट.डॉट.एयू से बातचीत में उन्होंने कहा, 'बाबर आजम एक शानदार खिलाड़ी हैं, मैंने उनका टेस्ट प्रदर्शन देखा। 20 टेस्ट मैचों में उन्होंने करीब 35 के औसत से रन बनाए हैं। वह इससे बहुत बेहतर खिलाड़ी हैं। वनडे में उनका औसत 54 से अधिक है और स्ट्राइक रेट करीब 90 (87.08) का है।' उन्होंने वर्ल्ड कप 2019 में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए मुकाबले को याद करते हुए कहा कि टॉन्टन की घास वाली विकेट पर बाबर ने अलग ही अंदाज में बल्लेबाजी की। पॉन्टिंग ने कहा, 'ऐसा लग रहा था कि वह अलग ही पिच पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।' पॉन्टिंग ने कहा कि पाकिस्तानी टीम को आजम के लिए कुछ योजना बनानी चाहिए। दो बार के विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा कि अगर पाकिस्तान टॉप ऑर्डर में अच्छा खेल दिखाकर आजम को ऑस्ट्रेलिया में नई गेंद से थोड़ा बचाकर रखा तो वह गजब का खेल दिखा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों से उनकी इस युवा खिलाड़ी पर खास नजर है। इससे पहले माइकल हसी ने भी बाबर की तारीफ करते हुए कहा था कि अगर यह प्रतिभाशाली बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में अपना रेकॉर्ड सुधार ले तो इसका नाम विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन के साथ लिया जा सकता है। आजम ने ऑस्ट्रेलिया में दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 157 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने इससे पहले तीन मैचों की टी20 सीरीज में दो हाफ सेंचुरी लगाई थीं। ऑस्ट्रेलिया ने यह सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/37nhqOT






0 comments:
Post a Comment