Sunday, December 15, 2019

हमें लगा बोलिंग में छह विकल्प पर्याप्त होंगे: कोहली

चेन्नै भारतीय कप्तान ने वेस्ट इंडीज के बल्लेबाजों को जीत का श्रेय देते हुए रविवार को यहां कहा कि धीमी पिच होने के कारण टीम प्रबंधन को गेंदबाजी में 6 विकल्प पर्याप्त लगे थे। भारत इस मैच में 4 मुख्य गेंदबाजों के साथ उतरा था लेकिन उसे 5वें गेंदबाज की कमी खली क्योंकि शिवम दुबे (7.5 ओवर में 68 रन) और केदार जाधव (एक ओवर में 11 रन) प्रभाव नहीं छोड़ पाए। वेस्ट इंडीज ने यह मैच 8 विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में शुरुआती बढ़त बना ली है। टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली ने मैच के बाद कहा, 'हमें लगा कि गेंदबाजी में 6 विकल्प पर्याप्त होंगे विशेषकर तब जबकि पिच धीमा खेल रही थी। हमारे पास केदार के रूप में भी एक और विकल्प था, लेकिन दूधिया रोशनी में यह (पिच) अलग तरह से खेली।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। तेज गेंदबाज गेंद पर अच्छी पकड़ नहीं बना पा रहे थे। हेटमेयर ने बेहतरीन पारी खेली और होप ने भी।' मैच रिपोर्ट: कोहली ने भारतीय पारी में अर्धशतक जड़कर उसे शुरुआती झटकों से उबारने वाले श्रेयस अय्यर (70) और ऋषभ पंत (71) की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मैं और रोहित (शर्मा) आज नहीं चल पाए और ऐसे में उन दोनों के पास मौका था और उन्होंने धीमी पिच पर बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।' रविंद्र जडेजा के आउट होने के बारे में कोहली ने कहा, 'फील्डर ने अपील की? अंपायर ने कहा 'नॉट आउट।' मैदान के बाहर बैठे लोग यह तय नहीं कर सकते की वहां क्या हुआ। मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा।' वेस्ट इंडीज के कप्तान ने हेटमेयर की जमकर तारीफ की और रन आउट के मामले को तूल नहीं दिया। पोलार्ड ने कहा, 'हेटमेयर आलोचकों के निशाने पर थे लेकिन यह अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझने का मामला था। टीम प्रबंधन को उन पर पूरा भरोसा था।' जडेजा के रन आउट के बारे में उन्होंने कहा, 'आखिर में सही फैसला हुआ, जो कि महत्वपूर्ण है। हमने अपील की और अंपायर ने उस समय सही फैसला नहीं किया लेकिन आखिर में उचित फैसला हो गया।' हेटमेयर को उनकी 139 रन की धांसू पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि वह फार्म में वापसी करके खुश हैं। हेटमेयर ने कहा, 'यह शतक मेरे लिए काफी मायने रखता है क्योंकि मैंने पिछला शतक साल के शुरू में लगाया था। मैंने खुद पर भरोसा रखा और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह अमल किया।'


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2LZ0RzN
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support