Tuesday, January 28, 2020

न्यू जीलैंड में पहली टी20 सीरीज जीतने के लिए उतरेगा भारत

हैमिल्टनअभी तक खेल के हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला भारत बुधवार को यहां होने वाले तीसरे मैच में न्यू जीलैंड में पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीतने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगा। भारत ने ऑकलैंड में पहले दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में क्रमश: छह और सात विकेट से जीत दर्ज की और वह पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। सदन पार्क में लगातार तीसरे मैच में जीत से भारतीय टीम न्यू जीलैंड की धरती पर पहली बार टी20 सीरीज जीतने में सफल रहेगी। इससे पहले दो अवसरों पर वह यह उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही थी। भारत 2008-09 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में 0-2 से जबकि पिछले साल 1-2 से सीरीज हार गया था। भारत की यह टीम अभी बेहतरीन फॉर्म में है और 2019 वनडे विश्व कप के बाद उसने जो पांच टी20 सीरीज खेली हैं उनमें उसने शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें वर्तमान सीरीज भी शामिल है। इस बीच उसने केवल साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज नहीं जीती। यह सीरीज 1-1 से बराबर छूटी थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। टी20 क्रिकेट में अच्छी फॉर्म में होने के बावजूद आईसीसी रैकिंग में उसकी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। भारत अभी टी20 रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है और उसे चौथे स्थान पर पहुंचने के लिए वर्तमान सीरीज 5-0 से जीतनी होगी। न्यू जीलैंड अभी छठे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका रैंकिंग तालिका में भारत से आगे हैं। सभी की निगाह अभी ऑस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाला टी20 विश्व कप है लेकिन टीम प्रबंधन को विश्वास है कि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले सही समय पर सारी चीजें ढर्रे पर आ रही है। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के विशेषकर इस दौरे में प्रदर्शन से इन चीजों को बल मिला है। इसे देखते हुए तीसरे मैच के लिए भारतीय टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास का दिन था तथा कप्तान , केएल राहुल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने इसमें भाग नहीं लिया। टीम प्रबंधन उन खिलाड़ियों के साथ काम कर रहा है जिन्हें सीरीज में अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है। रवि शास्त्री ने वाशिंगटन सुंदर पर ध्यान दिया जबकि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ व्यस्त थे। इन दोनों को हालांकि बुधवार को भी मौका मिलने की संभावना नहीं है। कुलदीप यादव पहले दो मैचों में नहीं खेले थे और ऐसा मैदान छोटा होने के कारण किया गया था। छोटे मैदान पर बल्लेबाज उन्हें आसानी से निशाना बन सकते थे। चहल ने इस बीच बहुत अच्छी गेंदबाजी की। अब मैच बड़े मैदानों पर खेले जाएंगे और देखना होगा कि कुलदीप की वापसी होती या नहीं है। वैसे चहल और यादव की एक साथ खेलने की संभावना कम है। जहां तक न्यू जीलैंड का सवाल है तो कोलिन डि ग्रैंडहोम के पास प्रभाव छोड़ने का यह आखिरी मौका होगा। अंतिम दो टी20 के लिए बल्लेबाज टॉम ब्रूस इस आलराउंडर की जगह लेंगे। ग्रैंडहोम इस सीरीज में बल्लेबाज के तौर पर खेले लेकिन उन्होंने शून्य और तीन रन बनाए। भारत के पहले दो मैचों में सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल करने के बावजूद न्यू जीलैंड गेंदबाजों के प्रदर्शन से चिंतित नहीं है। उसकी सबसे बड़ी चिंता भारतीय गेंदबाजों विशेषकर जसप्रीत बुमराह से निबटना है। दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज बुमराह की गेंदों को समझने में नाकाम रहे थे। न्यू जीलैंड का वैसे सदन पार्क में रेकॉर्ड अच्छा रहा है। यहां अभी तक उसने जो नौ टी20 खेले हैं उनमें से सात में उसने जीत दर्ज की। वह भारत को अजेय बढ़त हासिल करने से रोकने की कोशिश करेगा। टीमें इस प्रकार हैं भारत विराट कोहली (कप्तान), , केएल राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, वॉशिंगटन सुंदर। न्यू जीलैंड केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, स्कॉट कुगलेइजन, कॉलिन मुनरो, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, टॉम ब्रूस, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), हैमिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, ब्लेयर टिकनर। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद 12 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा।
  1. भारत और न्यू जीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला कब खेला जाएगा?भारत और न्यू जीलैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मैच बुधवार को खेला जाएगा।
  2. न्यू जीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय टीम में क्या बदलाव हो सकता है?बुधवार को होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम में किसी बदलवा की संभावना कम ही है। लेकिन शार्दुल ठाकुर की जगह नवदीप सैनी को मौका मिल सकता है।
  3. भारत और न्यू जीलैंड के बीच बुधवार को होने वाले मुकाबले में मौसम कैसा रह सकता है?भारत और न्यू जीलैंड के बीच बुधवार को होने वाले मैच में बारिश की आशंका नहीं है। मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
  4. हेमिल्टन के सदन पार्क में पिच कैसी रह सकती है?इस मैदान की विकेट पर बड़े स्कोर बनते हैं। इस पिच पर पिछले पांच में से तीन मुकाबलों में 190 के करीब का स्कोर बना है।


from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3aYs0xQ
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support