नई दिल्लीपूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने जावेद मियांदाद से जुड़ा एक किस्सा शेयर करते हुए बताया कि पाकिस्तान के इस पूर्व क्रिकेटर के एक बयान ने उनके पिता को निराश किया था। इरफान ने एक टीवी चैनल से चैट के दौरान बताया कि मियांदाद के एक बयान से उनके पिता को काफी ठेस पहुंची थी। मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली की कप्तानी में भारत ने साल 2004 में पाकिस्तान का दौरा किया, तब इरफान भी टीम का हिस्सा थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तत्कालीन कोच जावेद मियांदाद ने तब कहा था कि इरफान जैसे गेंदबाज पाकिस्तान की गली-गली में मिल जाते हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर इरफान के पिता महमूद पठान को मियांदाद के इस बयान से काफी निराशा हुई और उन्होंने पाकिस्तानी कोच से मिलने की इच्छा जताई। वह टेस्ट मैच खत्म होने के बाद मियांदाद से ड्रेसिंग रूम में जाकर मिलना चाहते थे। 35 वर्षीय इरफान ने बताया, 'मुझे याद है जावेद मियांदाद ने कुछ ऐसा कह दिया था कि मेरे जैसे गेंदबाज पाकिस्तान की हर गली में मिल जाते हैं। मेरे पिता और मैंने भी इस खबर के बारे में पढ़ा था, हमें यह अच्छा नहीं लगा।' उन्होंने कहा, 'मुझे अच्छे से याद है कि सीरीज के आखिरी मैच में मेरे पिता मैच देखने पाकिस्तान गए। वह मेरे पास आए और कहा कि मैं पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में मियांदाद से मिलना चाहता हूं। जैसे ही मेरे पिता को मियांदाद ने देखा, वह खड़े हो गए और उन्होंने कहा- मैंने आपके बेटे के बारे में ऐसा कुछ भी नहीं कहा।' करियर में 29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी20 इंटरनैशनल मैच खेलने वाले इरफान ने कहा, 'मेरे पिता के चेहरे पर उनकी बात सुनने के बाद एक अजीब सी हंसी थी और उन्होंने कहा, मैं यहां आपको कुछ कहने नहीं आया था। मैं तो आपसे मिलना चाहता था, आप बेहतरीन खिलाड़ी थे।'
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2RS7M0z






0 comments:
Post a Comment