Saturday, August 8, 2020

1st टेस्ट: यहां मात खाया पाक, इंग्लैंड ने मारा मैदान

मैनचेस्टरहरफनमौला क्रिस वोक्स (नाबाद 84) और विकेटकीपर जोस बटलर (75) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी से इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को तीन विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही मेजबान ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पाकिस्तान के लिए अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह ने 99 रन देकर चार विकेट लिए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्होंने पहली पारी में भी चार विकेट लिए थे।

इस रोमांचक मुकाबले में बटलर और वोक्स ने उस समय मोर्चा संभाला जब टीम 117 रन पर 5वां विकेट गंवा कर मुश्किल में फंस गई थी। वोक्स और बटलर ने क्रीज पर आते ही बेखौफ होकर पाकिस्तान के गेंदबाजों के दबदबे को खत्म किया। यही पार्टनरशिप थी, जिसने पाकिस्तान के जबड़े से जीत को छीन लिया और मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस साझेदारी को अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह ने बटलर को आउट कर तोड़ा। बटलर ने 101 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। जब बटलर आउट हुए तो इंग्लैंड को जीत के लिए महज 21 रन और चाहिए थे।

बटलर के आउट होने के बाद भी वोक्स एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर चौका लगा टीम को शानदार जीत दिला दी। उन्होंने 120 गेंद की पारी में 10 चौके लगाए। वोक्स का यह टेस्ट करियर का 5वां पचासा है। पाकिस्तान की घर के बाहर यह लगातार सातवीं हार है।

पाकिस्तान की दूसरी पारी को 169 रन पर समेट कर इंग्लैंड ने पहला विकेट जल्दी गवांने के बाद अच्छी वापसी की थी लेकिन दिन के दूसरे सत्र में पाकिस्तान ने जल्दी-जल्दी चार अहम विकेट चटककर मैच में दबदबा बना लिया। रोरी बर्न्स (10), बेन स्टोक्स (9) और ओली पोप (9) सस्ते में आउट हुए तो डोम सिबले (36) और जो रूट (42) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके थे। यहां इंग्लैंड का स्कोर 5 विकेट पर 117 रन हो गया था।

पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाकर इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में 219 रन पर ऑलआउट कर दिया और पहली पारी के आधार पर 107 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में हालांकि पाकिस्तान की टीम कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर सकी और मात्र 169 रन ही बना सकी और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 277 रनों का लक्ष्य रखा। मेजबान टीम ने 82.1 ओवरों में 7 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।



from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3ko9a7T
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support