नई दिल्ली ब्रैंडन मैकलम। न्यूजीलैंड के इस पूर्व कप्तान को सब कुछ धाकड़ अंदाज में करने की आदत है। वह खास मौकों को खास बनाते हैं। या कहें कि बन जाते हैं। आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई। आईपीएल इतिहास के पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 158 रन की धाकड़ पारी खेली और टूर्नमेंट की टोन सेट कर दी। इन्हीं मैकलम ने जब टेस्ट क्रिकेट से विदाई ली तो वह भी इतिहास बनाते हुए। साल 2016 क्राइस्टचर्च, न्यूजीलैंड का मैदान। सामने ऑस्ट्रेलिया की टीम। मैकलम टीम के कप्तान थे और अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने उतरे। लेकिन उन्होंने इस मैच की पहली पारी में टी20 स्टाइल बल्लेबाजी की। महज 54 गेंद पर शतक ठोक दिया। जोश हेजलवुड, जेम्स पैटिनसन, मिशेल मार्श और नाथन लायन के आक्रमण वाली इस कंगारू गेंदबाजी का मैकलम ने दम निकाल दिया। मैदान के हर ओर शॉट लगे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज शतक के रेकॉर्ड को दो गेंद से तोड़ा। मिसबाह-उल-हक और विवियन रिचर्ड्स ने 56 गेंद पर सैकड़ा बनाने का काम किया था। मैकलम जब क्रीज पर उतरे तो न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 32 रन था। पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। बल्लेबाजी आसान नहीं थी। लेकिन उन्होंने दूसरी गेंद पर ही चौका जड़ दिया। इसके बाद लंच से 15 मिनट पहले मिशेल मार्श के ओवर में 21 रन बटोर लिए। मैकलम को अपनी पारी में किस्मत का भी साथ मिला। जब वह 39 के स्कोर पर कैच हो गए लेकिन मार्श का पैर क्रीज से बाहर था। मैकलम ने इस 'अहसान' का बदला खूब चुकाया। और उस ओवर में एक छक्का और चौका जड़ा। मैकलम के शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 370 रन बनाए लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने जो बर्न्स और उस्मान ख्वाजा के शतकों की मदद से पहली पारी में 505 रन बनाकर बढ़त हासिल की। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 335 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट खोकर 201 रन बनाकर मैच जीत लिया।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/2ZAgQKY






0 comments:
Post a Comment