रावलपिंडीपाकिस्तान ने कप्तान की अर्धशतकीय पारी के अलावा फवाद आलम के साथ 123 रन की अटूट साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार को दूसरे टेस्ट मैच के बारिश से प्रभावित पहले दिन शुरुआती झटकों के बाद स्टंप तक तीन विकेट पर 145 रन बना लिए। बाबर और आलम ने तब मोर्चा संभाला जब टीम 15 ओवर में 22 रन पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। चाय के विश्राम के लिए खेल रोके जाने तक बाबर 77 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि शानदार फार्म में चल रहे आलम 138 गेंद में 42 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे लेकिन बारिश के कारण अंतिम सत्र का खेल नहीं हो सका। इससे पहले लेफ्ट आर्म स्पिनर केशव महाराज ने 10 गेंद के अंदर दो विकेट और तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे ने शॉर्ट लेग पर आबिद अली (06) को कैच कराकर पाकिस्तान को शुरुआती झटके दिए। पढ़ें, बाबर और आलम ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी करते हुए मैच में टीम की वापसी कराई। गेंद से चमक खत्म होने के साथ दूसरे सत्र में धीमी पिच का भी दोनों ने फायदा उठाया। बाबर ने अपनी 16वीं अर्धशतकीय पारी के दौरान ऑफ में कुछ शानदार ड्राइव लगाने के साथ तेज गेंदबाजों के खिलाफ बैकफुट से करारे शॉट लगाए। उन्होंने वियान मुल्डर के गेंद पर फ्लिक के साथ चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। दक्षिण अफ्रीका को स्पिनर जॉर्ज लींडे के चोटिल होने से झटका लगा। पहले सत्र के खेल के दौरान अपनी गेंद पर बाबर के शॉट को रोकते समय उनकी छोटी उंगली चोटिल हो गई जिसमें उन्हें टांके लगवाने पड़े। इससे पहले बाबर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन 11वें से 15वें ओवर के खेल के दौरान पाकिस्तान के तीन विकेट गिरने के बाद यह गलत लगने लगा। सलामी बल्लेबाज इमरान बट्ट (15) ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दिया जबकि अजहर अली नौ गेंद में खाता खोले बगैर उनकी गेंद पर पगबाधा हुए। पाकिस्तान ने सीरीज का पहला मैच सात विकेट से जीता था। उसने इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं किया जबकि दक्षिण अफ्रीका ने लुंगी गिडी की जगह मुल्डर को मौका दिया।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3jiIYv9






0 comments:
Post a Comment