Saturday, April 3, 2021

कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद भी बीसीसीआई को मुंबई में आईपीएल की मेजबानी का भरोसा

मुंबईभारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को मुंबई में कोविड-19 मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बावजूद 10 से 25 अप्रैल के बीच इस शहर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के आयोजन का भरोसा है और उसका कहना है कि इतने कम समय में वैकल्पिक स्थल पर ‘बायो-बबल’ बनाना संभव नहीं होगा। दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल और वानखेड़े स्टेडियम के 10 कर्मचारियों तथा बीसीसीआई द्वारा नियुक्त किए गए प्रतियोगिता प्रबंधन से जुड़े छह सदस्यों को इस घातक वायरस से पॉजिटिव पाया गया है। इससे नौ अप्रैल से शुरू होने वाली आईपीएल में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़ती जारी रही है। कोरोवा वायरस की स्थिति यदि नियंत्रण से बाहर चली जाती है तो फिर इंदौर और हैदराबाद को आईपीएल के ‘स्टैंड बाई’ स्थान के रूप में रखा गया है लेकिन बीसीसीआई को ये मैच मुंबई में कराने का भरोसा है। मुंबई को इस धनाढ्य लीग के 10 मैचों की मेजबानी करनी है। बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने शनिवार को कहा, ‘हां, हैदराबाद एक ‘स्टैंड बाई’ स्थलों में से एक है लेकिन सभी व्यावहारिक कारणों को देखते हुए हम अब भी मुंबई से मैच शिफ्ट करने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। इतने कम समय में एक और ‘बायो-बबल’ बनाना मुश्किल होगा।’ इसके अलावा आयोजक वानखेड़े स्टेडियम के कर्मचारियों के कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए जाने से भी चिंतित हैं। शुक्रवार शाम तक इनकी संख्या आठ थी जो अब बढ़कर 10 हो गयी है। यही नहीं, इवेंट मैनेजेंट टीम के छह सदस्यों का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है और उन्हें भी क्वारंटीन पर भेज दिया गया है। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘जहां तक मैदानकर्मियों की बात है तो कल तब आठ पॉजिटिव मामले थे। आज दो अन्य मामले पॉजिटिव पाए गए। इससे इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गयी। सभी को घर भेज दिया गया है और वे अलग थलग रह रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हम तैयारियों के लिए कांदिवली से मुंबई क्रिकेट संघ के दूसरे मैदानकर्मियों को ला रहे हैं। इसके अलावा बीसीसीआई के प्रतियोगिता प्रबंधन के छह से सात कर्मचारियों का परीक्षण पॉजिटिव आया है।’ दोपहर में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बयान जारी कर बताया कि उनके स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल पॉजिटिव आए हैं जिसके बाद उन्हें कोविड-19 क्वारंटीन सुविधा में भेज दिया गया है। मुंबई में अभी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियन्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की टीमें हैं लेकिन इनमें कोई भी टीम वानखेड़े नहीं गयी। अधिकारी ने कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स ब्रेबोर्न स्टेडियम और बांद्रा कुर्ला काम्पलेक्स मैदान पर अभ्यास कर रही हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने चेन्नई रवाना होने से पहले नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम में अभ्यास किया था।’ उम्मीद है कि राज्य में बढ़ते मामलों को देखते हुए बीसीसीआई की मेडिकल इकाई परीक्षण की संख्या बढ़ा देगी।


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/2PUlXEa
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support