मुंबईरॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने देवदत्त पडिकल (नाबाद 101) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 72) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 14वें सीजन के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 10 विकेट से हरा दिया। बैंगलोर की इस सीजन में यह लगातार चौथी जीत है। टीम को अब तक एक भी हार नहीं मिली है। राजस्थान ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट पर 177 रन का स्कोर बनाया जिसे, बेंगलोर ने 16.3 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया। बैंगलोर के लिए पडिक्कल ने 52 गेंदों पर 11 चौके और छह छक्के लगाए। कोहली ने 47 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाए। बैंगलोर की इस सीजन में चार मैचों में यह लगातार चौथी जीत है और अब वह आठ अंकों के साथ फिर से तालिका में टॉप पर पहुंच गई है। राजस्थान को चार मैचों में तीसरी हार झेलनी पड़ी है और वह दो अंकों के साथ 8वें नंबर पर है। राजस्थान रॉयल्स की टीम शीर्ष क्रम की विफलता के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ नौ विकेट पर 177 रन बनाने में सफल रही। लगातार तीन मैचों में जीत से आत्मविश्वास से भरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के गेंदबाजों ने कप्तान विराट कोहली के टॉस जीतकर गेंदबाजी करने के फैसले को सही साबित करते हुए शुरुआत में विकेट झटके। उसके लिए मोहम्मद सिराज ने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि हर्षल पटेल ने अंतिम ओवर में दो विकेट से 47 रन देकर कुल तीन विकेट हासिल किए। काइल जैमीसन, केन रिचर्डसन और वाशिंगटन सुंदर को एक एक विकेट मिला। राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी एक समस्या बनी हुई थी जो इस मैच में भी जारी रही। कप्तान संजू सैमसन की बड़ी पारी खेलने की उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। पर शिवम दुबे (46 रन, 32 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और रियान पराग (25 रन, 16 गेंद, चार चौके) ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंद में 66 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। अंत में राहुल तेवतिया ने 23 गेंद में 40 रन का योगदान दिया जिसमें चार चौके और दो छक्के जड़े थे। बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद टीम ने पावरप्ले के तीसरे से पांचवें प्रत्येक ओवर में एक एक विकेट गंवाया। जोस बटलर (08) से टीम को अच्छी शुरूआत दिलाने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका और वह दूसरे ओवर में सिराज की गेंद को तेज मारने के प्रयास में बोल्ड हो गए। जैमीसन ने अगले ओवर में मनन वोहरा (07) को आउट कर टीम को दूसरा झटका दिया जो रिचर्डसन को मिड ऑन पर कैच दे बैठे। पांचवें ओवर में सिराज ने क्रीज पर उतरे डेविड मिलर के खिलाफ पगबाधा की अपील की और आरसीबी के कप्तान कोहली ने रिव्यू लेने का फैसला किया जो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गया। मिलर भी सिराज की यॉर्कर से हैरान दिख रहे थे, इस तरह टीम की उन्हें चौथे नंबर पर उतारने की रणनीति कारगर नहीं हुई। पावरप्ले में राजस्थान रॉयल्स ने 32 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। सैमसन (21) ने पावरप्ले के बाद हाथ खोलना शुरू किया और आठवें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर की पहली ही गेंद को मिडविकेट पर छक्के के लिए भेजा। हालांकि, उनकी लंबी पारी खेलने की ख्वाहिश अगली ही गेंद में समाप्त हो गयी, जिसमें फिर उन्होंने गेंद को मिडविकेट की तरफ उठाया लेकिन यह शॉट इतना ताकतवर नहीं था और वह आउट हो गए। टीम ने 43 रन तक चार विकेट गंवा दिए। दुबे और पराग फिर पारी को संभालने में अहम भूमिका निभायी। हर्षल पटेल ने पराग को आउट कर अर्धशतकीय साझेदारी को तोड़ा। दुबे ने आईपीएल में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली लेकिन अर्धशतक से चार रन से चूक गए। उन्हें रिचर्डसन ने आउट किया।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3ndHBA3






0 comments:
Post a Comment