Friday, June 18, 2021

England ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर तोड़ा था अपना ही वर्ल्ड रेकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया को मिली थी शर्मनाक हार

नई दिल्ली वर्ष 2015 के वर्ल्ड कप के बाद इंग्लैंड ने नई रणनीति बनाई। क्रिकेट का जनक कहा जाने वाला देश अभी तक वर्ल्ड कप नहीं जीत पाया था। अब उसे इसे बदलना था। उसने इसके लिए तैयारी शुरू की। इसी तैयारी का हिस्सा था आक्रामक क्रिकेट।ओपनिंग से लेकर मध्यक्रम तक, जो बल्लेबाज आए वह बस अपने शॉट खेले। सीमित ओवरों के प्रारूप में इंग्लैंड के लिए यह रणनीति कारगर सिद्ध हुई। और आज ही के दिन साल 2018 में यह खास मुकाम पर पहुंची। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे इंटरनैशनल में वह स्कोर बना दिया जिसकी कल्पना करना मुश्किल था। लेकिन टी20 क्रिकेट के दौर में असंभव नहीं था। वनडे इंटरनैशनल में जहां कभी 300 का स्कोर काफी माना जाता था, इंग्लैंड ने लगभग 500 रन बना दिए थे। इंग्लैंड के सामने ऑस्ट्रेलिया थी। घायल और पिटी हुई। स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर बैन के चलते टीम का हिस्सा नहीं थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया को पहले कभी किन्हीं खिलाड़ियों के होने या न होने का कोई फर्क नहीं पड़ा था लेकिन अब हालात दूसरे थे। सीरीज के पहले दो मैच वह हार चुकी थी। और आराम से हार चुकी थी। यह तीसरा मैच था। कप्तान टिम पेन ने टॉस जीता और इंग्लैंड को ट्रेंट ब्रिज की इस विकेट पर बल्लेबाजी का न्योता दिया। इंग्लैंड जैसे इस मौके के इंतजार में थी। उसने इसमें और अधिक कसर निकाली। जब 50 ओवर समाप्त हुए तो इंग्लैंड का स्कोर था 6 विकेट पर 481 रन। उसने अपना ही 446 रन का रेकॉर्ड तोड़ा था। इंग्लैंड ने जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय की ताबड़तोड़ ओपनिंग पार्टनरशिप के दम पर शुरुआत की। इंग्लैंड में 8वें ओवर में 50 रन पूरे किए और 14वें ओवर में स्कोर 100 के पार जा चुका था। दाएं हाथ के इन बल्लेबाजों की जोड़ी लगातार ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर हमला कर रही थी। इंग्लैंड के लिए पहले विकेट के लिए 159 रन की पार्टनरशिप हुई। 19.3 ओवर में। रॉय 61 गेंद पर 82 रन बनाकर रन आउट हुए। इस साझेदारी को तोड़ने का यही तरीका संभव था। चूंकि गेंदबाजों के पास कोई रास्ता नहीं था और कप्तान टिम पेन के दर्द का कोई इलाज नहीं था। बेयरस्टो (92 गेंद पर 139) और एलेक्स हेल्स (92 गेंद पर 147) ने इंग्लैंड की पारी को जेट स्पीड से आगे बढ़ाया। इन दोनों के बीच 151 रन की साझेदारी हुई। और वह भी लगभग 15 ओवर में। इस जोड़ी ने कुल 31 चौके और 10 छक्के लगाए। इंग्लैंड की पारी के कुल 291 रन बाउंड्री में बने। कप्तान इयॉन मॉर्गन ने 30 गेंद पर 67 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने कुल 8 गेंदबाज इस्तेमाल किए लेकिन कोई भी ऐसा नजर नहीं आया तो अंग्रेजों की रनों की सुनामी को थाम सके। किसी ने भी सात रन प्रति ओवर से कम से रन नहीं दिए। ऐंड्रू टाय वनडे इंटरनैशनल में 100 रन से ज्यादा देने वाले 12वें गेंदबाज बन गए। उन्होंने 'शर्मनाक' सेंचुरी लगाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम 239 रन पर ही ऑल आउट हो गई। उसे 242 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह ODI क्रिकेट में उसकी सबसे बड़ी हार थी।


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3vzMd6d
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support