Thursday, August 12, 2021

इंग्लैंड में स्विंग बोलिंग का सामना करने के लिए काम आएगा सचिन का यह गुरुमंत्र

नई दिल्ली महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर ने इंग्लैंड में स्विंग गेंदबाजी को खेलने के लिए क्रीज से बाहर खड़े होने को एक अच्छा आइडिया बताया है। भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स पर सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच से पहले तेंडुलकर ने कहा कि इंग्लिश परिस्थितियों में स्विंग का सामना करने के लिए यह एक अच्छी तकनीक है। इंग्लिश परिस्थितियां सीम और स्विंग गेंदबाजों के लिए काफी मददगार होती हैं। इससे बल्लेबाजों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सचिन ने कहा कि अगर आप क्रीज के बाहर बल्लेबाजी करते हैं तो कई बार गेंदबाजों को अपनी लेथ में तब्दीली करनी पड़ती है। उन्हें छोटी गेंद फेंकनी पड़ती है। और इसका फायदा आखिरकार बल्लेबाजों को ही होता है। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में सचिन ने कहा, 'हां, इसका फायदा होता है। जब गेंदबाज देखता है कि आप क्रीज से बाहर खड़े हैं तो उसे अपनी गेंदबाजी में परिवर्तन करना पड़ता है। उसे गेंद छोड़ने का पॉइंट और एरिया में बदलाव करना पड़ता है।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर कोई गेंदबाज गेंद को आगे पिच करवा रहा है तो उसे अपनी लेंथ छोटी करनी पड़ती है। अगर कोई शॉर्ट बोलिंग कर रहा है तो आप क्रीज के बाहर खड़े होकर उसका भी सामना कर सकते हो। तो, क्रीज के बाहर खड़ा होना बुरा विचार नहीं है।' सचिन का इंग्लैंड में रेकॉर्ड अच्छा रहा है। वह भारत के चंद बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्हें इंग्लिश परिस्थितियां रास आती हैं। उन्होंने इंग्लैंड में कुल 17 टेस्ट मैच खेले हैं और इसमें 54.31 के औसत से 1575 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि सचिन भी लॉर्ड्स पर शतक नहीं जमा पाए हैं और ऐसा नहीं कर पाने का मलाल उन्हें जरूर होगा। सचिन ने हालांकि क्रीज के बाहर बल्लेबाजी करने के कुछ नुकसान भी बताए। तेंडुलकर ने कहा कि बल्लेबाजों को ऑफ स्टंप के बाहर गेंद छोड़ते हुए अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है। सचिन ने कहा, 'कई बार आपको लगता है कि गेंद को छोड़ना एक अच्छा आइडिया है लेकिन चूंकि आपके और स्टंप के बीच की दूरी बढ़ गई है, तो गेंद अब भी अंदर आकर स्टंप से टकरा सकती है। तो अगर आप क्रीज के बाहर बल्लेबाजी कर रहे हैं तो आपको मिडल-स्टंप का गार्ड लेना चाहिए न कि लेग स्टंप का। जितना आप क्रीज से बाहर हों उतना आपको ऑफ स्टंप के करीब का गार्ड लेना चाहिए। इससे आप बेहतर ढंग से गेंद की लाइन का अंदाजा लगा पाएंगे।'


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3fWsb0w
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support