Thursday, August 26, 2021

India vs England: ऋषभ पंत ने खुलासा किया, सिराज पर दर्शकों ने गेंद फेंकी थी

लीड्स भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने बुधवार को खुलासा किया कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj) पर दर्शकों ने गेंद फेंकी थी। टीवी कैमरों में दिखाया गया था कि भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) उस समय सीमा रेखा पर खड़े सिराज को उस वस्तु को बाहर फेंकने के लिए कह रहे हैं। दिन का खेल समाप्त होने के बाद इस बारे में जब पंत (Rishabh Pant) से पूछा गया तो उन्होंने खुलासा किया कि तब क्या हुआ था। पंत ने कहा, ‘मुझे लगता (दर्शकों में से) किसी ने सिराज पर गेंद मारी थी इसलिए वह (कोहली) नाराज थे। आप जो कुछ भी कहना चाहते हैं कह सकते हैं, लेकिन फील्डरों पर चीजें न फेंके। मेरा मानना है कि यह क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है।’ सिराज ने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस 27 वर्षीय तेज गेंदबाज को इस साल के शुरू में सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों ने भी अपशब्द कहे थे जिसके कारण कुछ दर्शकों को स्टेडियम से बाहर कर दिया गया था। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान भी सीमा रेखा के करीब शैंपेन की बोतल के ढक्कन फेंके गए थे। उस समय केएल राहुल वहां पर फील्डिंग कर रहे थे और कोहली उस घटना से भी नाराज थे। भारतीय टीम हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन 78 रन पर ही ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए। भारतीय टीम को इंग्लैंड के गेंदबाजों, खास तौर पर जेम्स एंडरसन ने बहुत परेशान किया। उन्होंने केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली के विकेट लिए। पंत ने माना कि इंग्लैंड ने अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां तेज गेंदबाजी के अनुकूल थीं और इंग्लैंड ने इसका भरपूर फायदा उठाया।


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3zk11bL
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support