नई दिल्ली विराट कोहली ने भारत की टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद वह अपने पद से हट जाएंगे। गुरुवार शाम कोहली ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। कोहली ने बताया कि उन्होंने काफी सोच विचारकर यह फैसला किया है। हालांकि वह वनडे और टेस्ट के कप्तान बने रहेंगे और साथ ही टी20 टीम में बतौर खिलाड़ी अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। कोहली के टी20 की कप्तानी छोड़ने के बाद सौरभ गांगुली ने कहा कि यह भविष्य के रोडमैप को देखते हुए लिया गया फैसला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने कहा, 'विराट कोहली भारतीय क्रिकेट के एक बड़े खिलाड़ी हैं। उन्होंने काफी अभिमान के साथ भारतीय टीम की कप्तानी की है। वह तीनों प्रारूपों में भारत के सबसे कामयाब कप्तानों में शामिल हैं। उनका फैसला भविष्य के रोडमैप को देखते हुए किया गया है।' गांगुली ने आगे कहा, 'हम कोहली को बतौर टी20 इंटरनैशनल कप्तान उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं। हम उन्हें आने वाले वर्ल्ड कप और उससे आगे के लिए भी शुभकामनाएं देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वह भारत के लिए बहुत से रन बनाते रहें।' वहीं बोर्ड के सचिव जय शाह ने भी कोहली को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'टीम इंडिया के लिए हमारे पास साफ रोडमैप है। वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए हम आराम से हस्तातरण चाहते हैं। विराट कोहली ने आगामी टी20 इंटरनैशनल वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी से हटने का फैसला किया है।' जय शाह ने कहा, 'मैं विराट कोहली और लीडरशिप टीम से पिछले छह महीने से लगातार बात कर रहा हूं और यह फैसला काफी सोच-विचार कर लिया गया है। विराट एक खिलाड़ी और सीनियर खिलाड़ी के तौर पर अपना योगदान देते रहेंगे। वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।'
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3AkmEZT






0 comments:
Post a Comment