Tuesday, September 21, 2021

देखें: कार्तिक त्यागी ने कैसे आखिरी ओवर में पलट दी बाजी, उन कमाल की 6 गेंदों की कहानी

दुबई आखिर पंजाब किंग्स की टीम यह मैच कैसे हार सकती है? बार-बार वह एक ही गलती कैसे दोहरा सकती है? मैच उसकी मुठ्ठी में था। ऐसा लग रहा था कि 18-19वें ओवर में मैच खत्म हो जाएगा। उसे 15 गेंद पर 10 रन चाहिए थे। आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 8 रन चाहिए थे। और आखिर की छह गेंद पर चार रन चाहिए थे। इसके बाद भी पंजाब की टीम 2 रन से हार गई। मंगलवार को दुबई इंटरनैशनल स्टेडियम में उसके सामने 186 रन का लक्ष्य था और 19वां ओवर समाप्त होने के बाद उसका स्कोर 2 विकेट पर 182 रन था। फिर भी वह जीत हासिल न सकी। राजस्थान की जीत के हीरो रहे युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी। उनके पास आखिरी ओवर में बचाने के लिए कुछ नहीं था। लेकिन 29 साल के इस युवा पेसर ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने रफ्तार और नियंत्रण का तालमेल दिखाया और पंजाब की टीम जो एक समय पर आसानी से जीतती हुई दिख रही थी इस मैच को हार गई। पंजाब को आखिरी ओवर सिर्फ चार रन चाहिए थे। क्रीज पर निकोलस पूरन और एडिन मार्करम जैसे सेट बल्लेबाज थे। इसके बाद भी वह जीत नहीं पाई। इसके पीछे त्यागी की धारदार बोलिंग ही थी। आखिर देखते हैं कि त्यागी ने आखिरी ओवर के कैसे हारी बाजी को पलटकर रख दिया। पहली गेंद- त्यागी मार्करम को- कोई रन नहीं बना। गेंद लगभग यॉर्कर थी। लो फुल टॉस। मार्करम ने गेंद को एक्स्ट्रा कवर की दिशा में ड्राइव किया। शॉट में टाइमिंग नहीं थी। 19.2 त्यागी मार्करम को- एक रन। एक और अच्छी गेंद। पूरी गेंद। मार्करम ने इस पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और फाइन लेग की दिशा में गई। अब चार गेंद पर तीन रन चाहिए थे। और मैच यहीं से पलटना शुरू हो गया। 19.3 त्यागी पूरन को- कैच आउट। शानदार वापसी। एक और फुल लेंथ गेंद। ऑफ स्टंप के बाहर। पूरन ने उसे थर्ड मैन की दिशा में खेलने की कोशिश की। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और विकेट के पीछे संजू सैमसन ने एक आसान सा कैच लपका। अब तीन गेंद पर तीन रन चाहिए थे। क्रीज पर बल्लेबाजी करने उतरे दीपक हूडा। 19.4 त्यागी हूडा को- कोई रन नहीं। गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर थी। हूडा गेंद फेंके जाने से पहले ही ऑफ स्टंप से बाहर की ओर गए थे। गेंद हालांकि वाइड की लाइन से बाहर थी लेकिन चूंकि हूडा खुद भी मूव हुए थे इसलिए अंपायर ने इसे वैध गेंद माना। 19.5 त्यागी हूडा को- आउट। एक बार फिर ऑफ स्टंप के बाहर गेंद। एक फिर पूरी गेंद। हूडा ने कवर ड्राइव खेलने का प्रयास किया। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और विकेट के पीछे सैमसन ने फिर कोई गलती नहीं की। अब आखिरी गेंद पर पंजाब को तीन रन चाहिए थे। मैच जो उसकी गिरफ्त में था वह फिसल चुका था। इसके लिए पंजाब की टीम अपने आप को ही दोष दे सकती है। 19.6- त्यागी फैबियन एलन को- कोई रन नहीं। रॉयल्स ने आखिरी में हारी बाजी जीत ली। फिर एक बार फुल और ऑफ स्टंप के बाहर। फैबियन इस पर बल्ला भी नहीं अड़ा सके। गेंद उन्हें छकाती हुई सीधा सैमसन के दस्तानों में गई। मैच, राजस्थान रॉयल्स के नाम... हार के बाद पंजाब के कप्तान केएल राहुल जाहिर तौर पर काफी निराश थे। उन्होंने कहा कि हम फिर एक बार करीबी मैच हारे हैं। हम अपनी गलतियों से नहीं सीख रहे हैं।


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3hUWXbe
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support