नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के यूएई चरण में मैचों के आगे बढ़ने के साथ साथ रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए हर मैच को जीतना चाहती हैं। सुपर संडे मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा आमने सामने थे जहां बाजी आरसीबी के हाथ लगी। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम (RCB vs MI) सितारों से सुसज्जित हैं। दोनों टीमों में एक से बढ़कर एक धुरंधर खिलाड़ी शामिल हैं। इस हाई वोल्टेज मुकाबले को देखने के लिए दुबई इंटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम में कुछ खिलाड़ियों की फैमिली स्टेडियम में मौजूद थीं। इस दौरान आरसीबी के खिलाड़ी एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) की पत्नी डेनियल ( Danielle) और उनके बच्चे भी दर्शक दीर्घा में बैठे हुए दिखाई दिए। जब डिविलियर्स बैटिंग करने उतरे तो उनकी फैमिली ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। मिस्टर 360 डिग्री डिविलयर्स मुंबई के खिलाफ बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने पारी के 17वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर छक्का और चौका जड़ अपने इरादे जता दिए थे। लेकिन इसके बाद बुमराह ने वापसी की और इस पूर्व साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथेां कैच करा उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी। डिविलियर्स ने 6 गेंदों पर 11 रन बनाए। साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज को जल्दी आउट होता देख आरसीबी टीम मैनेजमेंट के साथ साथ डिविलियर्स के बेटे को भी अच्छा नहीं लगा। यहां तक की डिविलियर्स की पत्नी भी हैरान रह गईं। इसके बाद जो कुछ हुआ वह देखने लायक था। पापा को आउट होता देख डिविलियर्स के बेटे ने गुस्से में कुर्सी पर हाथ दे मारा जिससे उसे चोट भी लगी। हालांकि बाद में डेनियल उसे ऐसा करने से रोकती हुई नजर आईं। डिविलियर्स के बेटे का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। आईपीएल 2021 के दूसरे हाफ में डिविलियर्स के बल्ले से अब तक कोई बड़ी पारी नहीं निकली है। उन्होंने यूएई लेग की तीन पारियों में अभी तक शून्य, 12 और 11 रन बनाए हैं। हालांकि बैटिंग क्रम में उन्हें नीचे भेजने को लेकर भी खूब चर्चाएं हो रही है। फैंस का कहना है कि डिविलियर्स जैसे बड़े खिलाड़ी को बैटिंग के लिए उपर भेजना चाहिए। आरसीबी ने यूएई में लगातार 7 मुकाबले हारने के बाद पहली जीत दर्ज की।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3udtvSP






0 comments:
Post a Comment