Monday, September 13, 2021

गंभीर बोले- राहुल का IPL में बेस्ट आना अभी बाकी, कोहली की तरह जड़ सकते हैं कई शतक

नई दिल्ली भारत के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर ने केएल राहुल से आईपीएल के बाकी सीजन में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए कहा है कि तीनों सत्र में 50 से ऊपर की औसत के बावजूद अभी तक उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है। पंजाब किंग्स के कप्तान राहुल ने इस साल सात मैचों में 66 की औसत से रन बनाए हैं। कोरोना महामारी के कारण आईपीएल मई में स्थगित हो गया था जो अब यूएई में रविवार से फिर शुरू होगा। गंभीर ने स्टार स्पोटर्स के शो ‘गेम प्लान’ में कह, 'हमने अभी केएल राहुल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं देखा है। उन्होंने रन बनाए हैं लेकिन हमने यह नहीं देखा कि वह बल्लेबाजी में क्या हासिल कर सकते हैं। वह ऐसा एक सत्र खेल सकते हैं, जैसा कभी विराट कोहली ने खेला था। वह सीमित ओवरों का ऐसा क्रिकेटर है जो एक सत्र में बेहतरीन स्ट्राइक रेट से दो, तीन शतक बना सकते हैं।' राहुल इस सत्र में सात आईपीएल मैचों में 331 रन बना चुके हैं जिनमें चार अर्धशतक शामिल है। वह आईपीएल 2021 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। 'बुमराह और बोल्ट घातक साबित हो सकते हैं' दूसरी टीमों के बारे में गंभीर ने कहा कि यूएई के हालात गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस के अनुकूल हैं। मुंबई और चेन्नई सुपर किंग्स पहले मैच में रविवार को आमने सामने होंगे। गंभीर ने कहा , 'चेपॉक या दिल्ली के हालात को देखो तो वे वानखेड़े से बिल्कुल अलग है। मुझे लगता है कि वहां के हालात मुंबई के तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट के अनुकूल होंगे। उन्हें स्विंग मिलेगी और वे खतरनाक साबित होंगे।' 'कोहली और डिविलियर्स को रन बनाने होंगे' आरसीबी और भारत के कप्तान विराट कोहली के बारे में उन्होंने कहा , 'विराट के लिए अलग तरह की चुनौती है क्योंकि पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के बाद उन्हें तुरंत टी20 प्रारूप में खेलना है। उसे बीच में समय ही नहीं मिला। आरसीबी को प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो विराट और एबी डिविलियर्स को रन बनाने होंगे।'


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3Efv9Ic
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support