नई दिल्ली टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद फैंस काफी हैरान हैं। बायो-बबल की थकान, खराब टीम सिलेक्शन और कई रणनीतिक गलतियों को इसका कारण माना गया। लेकिन इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज को लगता है कि भारतीय खेमे में एकजुटता नहीं है। अख्तर को भारतीय खेमे में बंटवारा नजर आ रहा है। अख्तर ने स्पोर्टसकीड़ा के साथ बातचीत में कहा ऐसा लगता है कि भारतीय टीम में दो कैंप बन गए हैं। एक है जो कप्तान विराट कोहली के सपॉर्ट में है और दूसरा उनके खिलाफ है। टीम में इस तरह के बंटवारे का असर खिलाड़ियों के मैदान पर प्रदर्शन पर नजर आ रहा है। अख्तर ने कहा, 'मैं क्यों टीम में दो खेमे देख पा रहा हूं? एक हिस्सा कोहली के साथ है वहीं कुछ कोहली के खिलाफ हैं। यह बिलकुल साफ नजर आ रहा है। टीम बंटी हुई नजर आ रही है। मुझे नहीं पता यह क्यों हो रहा है। बतौर कप्तान उनका आखिरी टी20 वर्ल्ड कप है, शायद यह भी एक वजह हो सकती है। हो सकता है उन्होंने गलत फैसले लिए हों, जो सही है। लेकिन वह एक महान क्रिकेटर हैं, और हमें उनकी इज्जत करनी होगी।' भारतीय टीम को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व कप्तान कपिल देव भी कोहली के बयान से नाखुश नजर आए थे। कोहली ने कहा था कि टीम ने मैदान पर साहस नहीं दिखाया। कपिल इस बात से काफी नाराज थे। इसके साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले टॉप ऑर्डर के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव को लेकर भी टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना हो रही है। अख्तर को लगता है कि जिस तरह का क्रिकेट भारतीय टीम ने खेला है उसकी आलोचना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की बॉडी लैंग्वेज काफी खराब थी। उन्होंने कहा, 'हां, आलोचना होनी चाहिए। यह जरूरी है। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब क्रिकेट खेला और इसकी आलोचना होनी चाहिए। उनका ऐटिट्यूड ठीक नहीं था। टॉस हारने के बाद ही उनके कंधे झुक गए थे।' सेमीफाइनल में पहुंचने की भारत की धुंधली सी उम्मीदें हैं। इसके लिए उन्हें अपने बाकी तीनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। और साथ ही उम्मीद करनी होगी कि अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को हरा दे।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3pWH4Wr






0 comments:
Post a Comment