Sunday, December 5, 2021

मुंबई टेस्ट: पहाड़ सीरीखा लक्ष्य, फिर अश्विन का कहर, न्यूजीलैंड पर जीत से 5 विकेट दूर भारत

मुंबईभारत ने न्यूजीलैंड के सामने 540 रन का असंभव लक्ष्य रखने के बाद तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट चटका लिए हैं, जबकि मेहमान टीम अपनी दूसरी पारी में 45 ओवरों में 140 रन तक ही पहुंच सकी है। 3 विकेट अश्विन के खाते में गए हैं। भारत को जीत के लिए 5 विकेट चाहिए, जबकि न्यूजीलैंड को अगर जीतना है तो इतिहास रचना होगा। वह अभी भी भारत से 400 रन पीछे है। स्टप्स तक हेनरी निकोल्स (36*) और रचिन रविंद्र (2*) क्रीज पर थे। इससे पहले न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में शुरुआत खराब रही। टी-ब्रेक से ठीक पहले कार्यवाहक कप्तान टॉम लाथम (6) को रविचंद्रन अश्विन ने LBW करते हुए पहला झटका दिया। चायकाल के बाद जब खेल शुरू हुआ तो अश्विन ने विल यंग (20) और रॉस टेलर (6) को भी अपना शिकार बनाया। इसके साथ ही अश्विन ने 2021 कैलेंडर इयर में 50 विकेट भी पूरे किए। यह चौथा मौका था जब अश्विन ने ऐसा किया। यह भारतीय रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अनिल कुंबले (3 बार) को पीछे छोड़ा। मैदान पर डंटकर भारतीय गेंदबाजों का सामना करते हुए हाफ सेंचुरी जड़ने वाले मिशेल (60) को अक्षर पटेल ने आउट करते हुए कीवी टीम को चौथा झटका दिया, जबकि स्टंप्स से ठीक पहले टॉम ब्लंडेल बिना खाता खोले रन आउट हुए। भारत ने अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 276 रन पर समाप्त घोषित की। भारत ने अपनी पहली पारी में 325 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 62 रन पर आउट हो गयी थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उसकी तरफ से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (108 गेंदों पर 62), चेतेश्वर पुजारा (97 गेंदों पर 47), शुभमन गिल (75 गेंदों पर 47), अक्षर पटेल (26 गेंदों पर नाबाद 41) और कप्तान विराट कोहली (84 गेंदों पर 36) ने उपयोगी योगदान दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से पहली पारी में 119 रन देकर सभी 10 विकेट लेने वाले स्पिनर ऐजाज पटेल ने दूसरी पारी में 106 रन देकर चार जबकि रचिन रविंद्र ने 56 रन देकर तीन विकेट लिए। पटेल ने इस तरह से मैच में 225 रन देकर 14 विकेट लिए। यह भारत में किसी भी विदेशी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पटेल के 10 विकेट के कारनामे के बावजूद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का आत्मविश्वास डगमगाया हुआ था। भारत की तरफ से 70 ओवर में 25 चौके और 11 छक्के लगे। आलम यह था कि ऋद्धिमान साहा (13) को छोड़कर भारत के प्रत्येक बल्लेबाज ने छक्का जड़ा। अकेले अक्षर पटेल ने अपनी तूफानी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। श्रेयस अय्यर ने आठ गेंदों पर 14 रन की अपनी पारी में दो छक्के जड़े। भारत ने न्यूजीलैंड को पहली पारी में केवल 28 ओवर में आउट कर दिया था लेकिन कप्तान कोहली अपने सहित उन बल्लेबाजों को मौका देना चाहते थे जो फॉर्म में नहीं थे और इसलिए उन्होंने कीवी टीम को फॉलोआन नहीं दिया। पुजारा ने इसका कुछ फायदा उठाया। अग्रवाल के साथ पहले विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी। पहली पारी में 150 रन बनाने वाले अग्रवाल ने फिर से दर्शनीय अर्धशतकीय पारी खेली। चोटिल होने के कारण शनिवार को पारी का आगाज नहीं करने वाले गिल और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। भारतीय कप्तान का विल सोमरविले पर लगाए गए छक्के को छोड़ दिया जाए तो वह अपनी पारी के दौरान सहज नहीं दिखे। उन्होंने रविंद्र की गेंद अपने विकेटों पर खेली। पुजारा ने हालांकि अपने रक्षात्मक अंदाज के विपरीत दो बार फ्लाइट लेती गेंद पर आगे बढ़कर मिडविकेट क्षेत्र में चौके लगाए। पहली पारी में वह इसी तरह की गेंद पर आउट हो गए थे लेकिन दूसरी पारी में वह काफी सहज नजर आ रहे थे। पहली पारी में 150 रन बनाने वाले अग्रवाल ने भी अच्छी लय जारी रखी और पटेल पर एक्स्ट्रा कवर पर छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया। अग्रवाल मैच में दूसरा शतक पूरा करने की स्थिति में दिख रहे थे लेकिन पटेल पर एक और छक्का जड़ने के प्रयास में उन्होंने लांग ऑफ पर यंग को कैच थमा दिया। पुजारा के पास अर्धशतक बनाकर दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले आत्मविश्वास जगाने का अच्छा मौका था। उन्हें एक बार डीआरएस का फायदा भी मिला लेकिन पटेल की फुललेंथ गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकिर स्लिप में रोस टेलर के सुरक्षित हाथों में चली गयी और वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।


from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3lAk5NY
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support