सिडनी एशेज सीरीज को यूं ही नहीं दुनिया का सबसे रोमांचक टूर्नामेंट कहा जाता है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सिडनी टेस्ट रोमांचक ड्रॉ इसका जीता जागता उदाहरण है। स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के रूप में आखिरी जोड़ी मैदान पर थी और ऑस्ट्रेलियाई टीम विकेट नहीं चटका सकी। इस तरह मेजबान टीम जीत से एक विकेट दूर रह गई। दूसरी ओर, हारते-हारते इंग्लैंड अपनी इज्जत बचाने में कामयाब रहा। 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेहमान टीम ने 9 विकेट पर 270 रन बनाए। जेम्स एंडरसन (6 गेंद, 0 रन) और स्टुअर्ट ब्रॉड (35 गेंद, 8 रन) नाबाद लौटे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम आज बिना विकेट खोए 30 रन से आगे खेलने उतरी लेकिन सुबह के सत्र में सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद (09) और डेविड मलान (04) के विकेट जल्दी गंवा दिए। पैट कमिंस की गेंद पर हमीद को कैरी ने जीवनदान दिया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और अपने कल के स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़ने के बाद बोलैंड की गेंद पर कैरी को ही कैच दे बैठे। ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने अपने तीसरे ही ओवर में मलान को बोल्ड करके इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 74 रन किया। सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली ने आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने आठ चौकों की मदद से 69 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। क्राउली हालांकि 100 गेंद में 13 चौकों की मदद से 77 रन बनाने के बाद कैमरन ग्रीन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद कप्तान जो रूट और बेन स्टोक्स ने मोर्चा संभाला और 60 रनों की साझेदारी की। यह पार्टनरशिप खतरनाक होते दिख रही थी कि तभी स्कॉट बोलैंड ने रूट को एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट कराते हुए बड़ा झटका दे दिया। इसके बाद इंग्लैंड ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम को वनडे वर्ल्ड कप दिलाने वाले बेन स्टोक्स ने इस दौरान हाफ सेंचुरी पूरी की, लेकिन 60 रनों के निजी स्कोर पर नाथन लियोन के शिकार बने। यह इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका था। पैट कमिंस ने एक ओवर में किए दो शिकार यहां कप्तान पैट कमिंस ने ड्रॉ की ओर बढ़ते मैच में जान डाल दी। उन्होंने 85वें ओवर में दो बड़े शिकार किए। कमिंस ने पहले जोस बटलर को 11 रन पर चलता किया, इसके एक गेंद बाद मार्क वुड को खाता खोलने से पहले ही पवेलियन की राह दिखाई। ये दोनों ही बल्लेबाज LBW हुए। अचानक दो विकेट गिरने के बाद मैच एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की ओर मुड़ गया। इसके बाद स्कॉट बोलैंड ने संघर्ष कर रहे जॉनी बेयरस्टॉ को मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया। वह 103 गेंदों में 3 चौके की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। यह इंग्लैंड का 8वां विकेट रहा। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 2 विकेट की जरूरत थी। जब स्टीव स्मिथ ने जैक लीच को डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराया तो लगा ऑस्ट्रेलिया मैच जीत लेगा, लेकिन स्टुअर्ट ब्रॉर्ड और जेम्स एंडरसन ने आखिरी ओवर्स झेलते हुए रोमांचक ड्रॉ कराकर इंग्लैंड की इज्जत बचा ली।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3F3E1Qp






0 comments:
Post a Comment