केपटाउन भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में जारी सीरीज का तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। टीम इंडिया को जीत के लिए 8 विकेट जबकि मेजबान टीम को 111 रन की दरकार है। भारतीय टीम की नजरें उसके गेंदबाजों पर टिकी हुई है। भारत अब चौथे दिन यानी आज सुबह के सत्र में तेजी से विकेट निकालकर हावी होने की कोशिश करेगा। दक्षिण अफ्रीका ने भारत की ओर से रखे गए 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरे दिन 2 विकेट पर 101 रन बना लिए थे। ऋषभ पंत की विषम परिस्थितियों में खेली गई नाबाद शतकीय पारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के सामने बैैक फुट पर चल रहे भारत ने तीसरे दिन आखिरी क्षणों में डीन एल्गर का कीमती विकेट निकालकर तीसरे और निर्णायक टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी धुंधली उम्मीदें जीवंत रखी। अपनी पहली पारी में 223 रन बनाने वाली भारतीय टीम दूसरी पारी में 198 रन ही बना पाई। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 210 रन बनाए थे। तीन मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है। भारत के सामने कीगन पीटरसन के रूप में सबसे बड़ी बाधा होगी जिन्होंने क्रीज पर पांव जमाने के बाद प्रवाहमय बल्लेबाजी की। वह अभी 48 रन पर खेल रहे हैं। उन्होंने एल्गर (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। पंत ने 139 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाये जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल हैं। उन्होंने विराट कोहली (143 गेंदों पर 29 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिये 94 रन जोड़े जिसमें भारतीय कप्तान का योगदान 15 रन था। भारत का यह टेस्ट मैचों में ऐसा सबसे कम स्कोर है जिसमें शतक भी शामिल है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मार्को जेनसन (36 रन देकर चार) कैगिसो रबाडा (53 रन देकर तीन) और लुंगी एंगिडी (21 रन देकर तीन) सफल गेंदबाज रहे। पंत ने उस समय क्री पर कदम रखा जब भारत चार विकेट पर 58 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था। इसके बाद रन बनाने का पूरा जिम्मा पंत ने उठाया। दूसरे टेस्ट में खराब शॉट खेलने के कारण आलोचकों के निशाने पर रहे पंत ने अच्छी गेंदों को सम्मान दिया लेकिन खराब गेंदों को नहीं बख्शा। पंत ने इस पारी में लापरवाह नहीं बल्कि बेपरवाह बल्लेबाजी की है।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/33aJIiB






0 comments:
Post a Comment