कोलकाता: भारत और वेस्टइंडीज () के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच ईडन गार्डन्स में खेला गया। इस मैच को भारतीय टीम ने 6 विकेट से अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले टीम इंडिया ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था। पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने 157 रन बनाए थे। भारतीय टीम ने 7 गेंद बाकी रहते 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा ने विध्वंस की शुरुआत दी। उन्होंने दूसरे ओवर में शिफर्ड को छक्का लगाकर बाउंड्री की जो शुरुआत की तो अन्य गेंदबाजों की भी जमकर खबर ली। शेल्डन कॉटरेल को चौका जड़ने के बाद ओडियन स्मिथ (Odean Smith) को 2 चौके और 2 छक्के उड़ाए। स्मिथ ने पारी का चौथा ओवर डाला। रोहित ने पहली गेंद पर चौका जड़ा। अगली दो गेंद पर रोहित और ईशान ने एक-एक रन बनाए। चौथी गेंद को रोहित शर्मा ने पुल किया और वह विकेटकीपर के पीछे 6 रन के लिए चली गई। 5वीं गेंद स्मिथ ने आगे फेंकी और रोहित ने उसे मिड ऑफ के ऊपर से चौका जड़ दिया। स्मिथ ने ओवर की अंतिम गेंद पटकी हुई फेंकी और रोहित ने इसपर अपना पसंदीदा पुल शॉट खेलकर 6 रन बटोरे। स्मिथ के इस ओवर में कुल 22 रन बने। तूफानी बैटिंग कर रहे रोहित हालांकि थोड़ा अनलकी रहे। रोस्टन चेस की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में वे पवेलियन लौट गए। उन्होंने 19 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। रोहित और ईशान किशन (Ishan Kishan) ने शानदार शुरूआत देते हुए पहले विकेट के लिये 45 गेंद में 64 रन जोड़े। ईशान किशन ने 42 गेंद में 35 रन की पारी खेलकर कप्तान का बखूबी साथ दिया। विराट कोहली 17 रन बनाकर फेबियन एलेन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे जबकि ऋषभ पंत भी आठ रन ही बना पाये। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 34 और वेंकटेश अय्यर ने 13 गेंद में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। अय्यर ने एलेन को छक्का जड़कर विजयी रन पूरे किये।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/b6rKQxS






0 comments:
Post a Comment