कोलकाता मयंक अग्रवाल ने अपने छोटे टेस्ट करियर में ही शानदार प्रदर्शन करके सभी को प्रभावित किया है। लेकिन भारत के पूर्व कप्तान का कहना है कि वह बतौर सलामी बल्लेबाज उन्हें पहली पसंद बताने से पहले कुछ समय इंतजार करेंगे। पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए पहला मैच खेलने वाले अग्रवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में पहले टेस्ट में 215 रन बनाए। यहां दुर्गा पूजा पंडाल के दर्शन को आए गांगुली ने कहा, 'समस्या यह है कि हम बहुत जल्दी नतीजे निकालने लगते हैं। एक शतक के बाद हम कहने लगते हैं कि वह सलामी बल्लेबाज के रूप में पहली पसंद हैं। लेकिन कुछ नाकामियों के बाद हमारी राय बदल जाती है। इस चलन पर रोक लगनी चाहिए।' उन्होंने कहा, 'किसी भी युवा खिलाड़ी का अच्छा खेलना भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन किया। वेस्ट इंडीज में दिक्कत आई लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्रदर्शन शानदार रहा। उन्हें एक साल खेलने दीजिए, फिर देखते हैं कि वह कितने अच्छे हैं।' गांगुली ने यह भी कहा कि बतौर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के शानदार फॉर्म का भारत को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, 'रोहित को भी लगातार अच्छा खेलना होगा। सलामी बल्लेबाज के रूप में यह उनका पहला ही मैच था। रोहित शानदार खिलाड़ी हैं और उम्मीद है कि वह इस फॉर्म को बरकरार रखेंगे। इससे भारत को फायदा मिलेगा।' गांगुली ने विराट कोहली की बात से सहमति जताई कि ऋधिमान साहा दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर है। उन्होंने कहा, 'साहा हमारा अपना लड़का है। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं। ऋषभ भी सफल रहे हैं। अब कोहली को तय करना है कि वह लंबे समय तक किसे खिलाना चाहते हैं।'
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/3583CXq






0 comments:
Post a Comment