चेन्नै महेंद्र सिंह धोनी का सोमवार को चेन्नै सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से पहले अभ्यास सत्र के दौरान एमए चिदंबरम स्टेडियम में जोरदार स्वागत किया गया। धोनी अपने करियर को लेकर लगाए जा रहे कयासों के बीच अभ्यास के लिए पहुंचे और जैसे ही वह नेट प्रैक्टिस के लिए बल्ला थामे पिच पर उतरे तो मैदान के बाहर उनकी झलक पाने के लिए उनके फैन्स भी यहां मौजूद थे। स्टेडियम में धोनी-धोनी के नारे लग रहे थे और धोनी ने इस बीच अपना अभ्यास शुरू कर दिया। पिछले साल वनडे विश्व कप के बाद से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि यह सीनियर खिलाड़ी अब क्रिकेट को अलविदा कह देगा। क्योंकि इस पूर्व भारतीय कप्तान ने तब से कोई मैच नहीं खेला है लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वह वापसी करेंगे। सीएसके धोनी की प्रैक्टिस का एक विडियो भी अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर किया है। इससे पहले धोनी जब चेन्नै सुपर किंग्स टीम की बस में सवार होकर स्टेडियम के लिए निकल रहे थे तो उनके फैन्स सड़क पर जमा होने लगे। बस के आसपास दोपहिया वाहनों पर सवाल धोनी फैन्स 'धोनी-धोनी' के नारे लगाने लगे और इस बीच धोनी की झलक भी उनके फैन्स को दिखाई दी। नेट में अभ्यास के दौरान उन्होंने कुछ जोरदार शॉट लगाकर अपने प्रशंसकों को प्रसन्न किया। चेन्नै के खिलाड़ियों का अभ्यास देखने के लिए यहां कुछ सौ दर्शक उपस्थित थे। चेन्नै के जिन खिलाड़ियों ने सोमवार को अभ्यास में भाग लिया उनमें अंबाती रायुडु, मुरली विजय, पीयूष चावला, कर्ण शर्मा, आर साई किशोर और एन जगदीशन शामिल थे। आईपीएल का उदघाटन मैच 29 मार्च को चेन्नै (CSK) और मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स (MI) के बीच मुंबई में खेला जाएगा।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/39h9LCu






0 comments:
Post a Comment