सिडनी साउथ अफ्रीका ने रविवार को पाकिस्तान को 17 रनों से हराकर यहां जारी आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के लिए हालांकि आगे का सफर मुश्किल हो गया है। सिडनी शो ग्राउंड स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 136 रन बनाए। इसमें लाउरा वूल्वार्ड के सर्वाधिक 53 रन शामिल हैं। लाउरा ने इस वर्ल्ड कप में दूसरा अर्धशतक लगाया। इसके अलावा मेरीजेन काप ने 31 तथा मिगनॉन प्रीज ने 17 रन जोड़े। लाउरा की नाबाद पारी में 36 गेंदों पर आठ चौके शामिल हैं। लाउरा ने पारी के अंतिम 8 गेंदों पर चार चौके लगाते हुए अपनी टीम को सम्मानजनक योग तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से डियाना बेग ने दो विकेट लिए, जबकि अनाम अमीन, अइमान अनवीर, सैयदा शाह और निदा डार ने 1-1 सफलता हासिल की। जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम 20 ओवरों में 5 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। उसकी ओर से कप्तान जावेरिया खान ने 31 और आलिया रियाज ने नाबाद 39 रन बनाए। खान की 34 गेंदों की पारी में चार चौके शामिल हैं, जबकि रियाज ने 32 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। इराम जावेद 17 रनों पर नाबाद रहीं। साउथ अफ्रीका की ओर से नोनकुलुलेको मियाबा, शैबनीम इस्माइल और कप्तान डेन निकेर्क ने एक-एक सफलता हासिल की। पाकिस्तान की दो बल्लेबाज रन आउट हुईं।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2PAoZKS






0 comments:
Post a Comment