नई दिल्ली भारतीय टीम के युवा ओपनिंग बल्लेबाज ने कहा कि वह अपने आदर्श की तरह खेलने की कोशिश करते हैं। वह (सचिन) क्रिकेट के भगवान हैं। पृथ्वी साव आज अपनी आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के साथ इंस्टाग्राम चैट पर लाइव थे। इस दौरान उन्होंने यह बात कही। इस लाइव चैट में साव ने अपने करियर की कई अहम बातों के साथ उनकी बैटिंग में सचिन तेंडुलकर की छाप पर बातें कीं। 20 वर्षीय पृथ्वी साव आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा हैं। उन्होंने साल 2018 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत शतक के साथ की थी। अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले साव भारत के सबसे युवा बल्लेबाज हैं। सचिन तेंडुलकर का अपने ऊपर प्रभाव की बात करते हुए साव ने बताया, 'उनका मुझ पर बहुत बड़ा प्रभाव है। मैं उनसे पहली बार तब मिला था, जब मैं सिर्फ 8 साल का था। उन्होंने हमेशा ही मुझसे कहा कि अपना स्वभाविक खेल खेलो और परिस्थितियों के अनुसार बैटिंग करो। मैदान से बाहर भी उन्होंने हमेशा शांत रहना सिखाया है।' भारत के लिए टेस्ट में ओपनिंग करने वाले साव ने कहा, 'सचिन सर ने एक बार मुझे सलाह दी थी कि मैं अपने बल्ले की ग्रिप (बैट पकड़ने का तरीका) न बदलूं।' इस युवा बल्लेबाज ने कहा, 'मैं बॉटम हैंड (निचले हाथ का अधिक इस्तेमाल) खिलाड़ी हूं और सचिन सर ने मुझसे कहा था कि मैं अपनी ग्रिप न बदलूं। इस सलाह से पहले मैं युवा था और अपने कोचों के कहने के अनुसार अपनी ग्रिप बदलने पर ध्यान देता था। लेकिन जब एक बार सचिन सर ने मुझे बता दिया तो फिर मैंने कभी अपनी ग्रिप नहीं बदली।' दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर के साथ लगातार उनकी तुलना किए जाने के सवाल पर मुंबई के इस युवा खिलाड़ी ने कहा, 'मुझ पर शुरुआत में तब दबाव था, जब लोग उनसे मेरी तुलना करते थे। लेकिन बाद में मैंने इसे एक चैलेंज की तरह लिया। मैं उनकी तरह खेलने की कोशिश करता हूं। वह क्रिकेट के भगवान हैं।' क्रिकेट के अलावा साव और किन खेलों को पसंद करते हैं, इस पर उन्होंने कहा कि वह गोल्फ खेलना खूब पसंद करते हैं। इसके अलावा उन्हें टेबल टेनिस और तैराकी भी खूब पसंद है। भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली को इस खिलाड़ी ने युवाओं को प्रेरित करने वाला इंसान बताया। गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर रह चुके हैं।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2XSRyYV






0 comments:
Post a Comment