Wednesday, October 28, 2020

IPL: केकेआर के समीकरण बिगाड़ने उतरेगा चेन्नै, क्या बादशाह की टीम बन पाएगी किंग?

दुबईप्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी चेन्नै सुपर किंग्स (CSK) की टीम अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बाकी टीमों के समीकरण बिगाड़ने की कोशिश करेगी। इसमें उसका पहला निशाना जीत के लिए बेताब बॉलिवुड स्टार शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) होगा जिसके खिलाफ उसे गुरुवार को यहां मैच खेलना है। केकेआर के 12 मैचों में 12 अंक हैं और उसे प्लेऑफ में जगह सुरक्षित करने के लिए अगले दोनों मैच जीतने होंगे। चेन्नै आठ टीमों की तालिका में अंतिम स्थान पर है और उसकी टीम अब प्रतिष्ठा की खातिर मैदान पर उतरेगी। टूर्नमेंट के इस दौर में कुछ टीमों की हार जीत से कई टीमें 14 या 16 अंक तक पहुंच सकती हैं और ऐसे में बेहतर रन गति से प्लेऑफ के स्थानों का निर्धारण होगा। इसे ध्यान में रखते हुए केकेआर के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज करना महत्वपूर्ण है। केकेआर के लिए चेन्नै के खिलाफ काम आसान नहीं होगा। चेन्नै ने अपने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी थी। केकेआर का बल्लेबाजी क्रम इयान मॉर्गन के लिए चिंता का विषय है और उन्हें उम्मीद होगी कि अब जबकि टीम को सख्त जरूरत है तब पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। नीतीश राणा का प्रदर्शन भी उतार चढ़ाव वाला रहा है। उसके बाकी बल्लेबाजों के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव है। गेंदबाजों ने केकेआर की तरफ से अभी तक अच्छी भूमिका निभायी है। तमिलनाडु के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती प्रभावशाली रहे हैं और अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिली है। केकेआर के गेंदबाजों को चेन्नै के बल्लेबाजों के सामने किसी भी तरह की ढिलायी बरतने से बचना होगा। चेन्नै के बल्लेबाज भी निरंतर एक जैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं लेकिन जब उनका दिन होता है तो वे किसी भी तरह के आक्रमण धज्जियां उड़ा सकते हैं। पहली बार प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाले चेन्नै के सामने कोलकाता के बल्लेबाजों को विविधतापूर्ण आक्रमण की चुनौती से पार पाना होगा। मिशेल सेंटनर को अंतिम एकादश में शामिल किए जाने के बाद चेन्नै की गेंदबाजी को मजबूती मिली है। आरसीबी पर जीत से चेन्नै के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा होगा। युवा ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में शानदार पारी खेली और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उनसे इसी फॉर्म की उम्मीद कर रहे होंगे। उनके अन्य बल्लेबाज भी अब स्वच्छंद होकर बड़ी पारियां खेलने पर ध्यान देंगे। टीमें इस प्रकार हैं...चेन्नै सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), मुरली विजय, अंबाती रायुडू, फाफ डु प्लेसिस, शेन वॉटसन, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, लुंगी एंगिडी, दीपक चाहर, पीयूष चावला, इमरान ताहिर, मिशेल सेंटनर, जोश हेजलवुड, शार्दुल ठाकुर, सैम करन, एन जगदीसन, केएम आसिफ, मोनू कुमार, आर साई किशोर, ऋतुराज गायकवाड़, कर्ण शर्मा। कोलकाता नाइट राइडर्स: इयान मॉर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, रिंकू सिंह, शुभमन गिल, सिद्धेश लाड़, कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, लॉकी फर्ग्युसन, पैट कमिंस, प्रसिद्ध कृष्ण, संदीप वॉरियर, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती, आंद्रे रसल, क्रिस ग्रीन, एम सिद्धार्थ, सुनील नरेन, निखिल नाइक, टॉम बैंटन, टिम सेफर्ट। नोट- मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होगा।


from Cricket News in Hindi: Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2HEZWoU
Share:

0 comments:

Post a Comment

Blog Archive

Definition List

Unordered List

Support