मैदान पर भले ही तनाव और हार-जीत की टेंशन होती है, लेकिन ड्रेसिंग रूम का माहौल हमेशा खुशनुमा होना चाहिए। दुनिया में क्रिकेट खेलने वाली हर टीम इस फंडे को अपनाती भी है। तभी तो समय-समय पर कई पुराने किस्से खुशनुमा याद बनकर बाहर आते हैं। ऐसा ही एक मजेदार वाकया आज आपको सुनाते हैं, जिसे हाल ही में सचिन तेंडुलकर ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में साझा किया। बात 2008 की है। अगस्त का महीने था। यह वह साल था जब विराट कोहली पहली बार भारतीय टीम के लिए चुने गए थे। अपने चयन की खबर सुन युवा कोहली बीते दो दिन से सिर्फ इसी सोच में पड़े थे कि वह सचिन से कब मिलेंगे। विराट की इस उत्सुकता को टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने तुरंत भाप लिया और 20 साल के युवा चीकू के टांग खींचने की योजना भी बन गई। अपनी शरारतों के लिए पहचाने जाने वाले युवराज सिंह-हरभजन सिंह को इरफान पठान और मुनाफ पटेल का साथ मिला। चारों ने मिलकर विराट से यह कहा कि तुम्हें ड्रेसिंग रूम में जैसे ही सचिन पाजी दिखे, तुम उनके पैरों में गिर जाना। टीम में पहली बार शामिल हुआ खिलाड़ी ऐसे ही सचिन तेंदुलकर से आशीर्वाद लेता है। यह हमारी परंपरा है। इसे सभी ने निभाया है। अब तुम्हारी बारी है। युवा विराट सोच ही नहीं पाए कि यह कोई मजाक हो सकता है, उन्होंने इसे ही सच मान लिया क्योंकि वह खुद बेसब्री से सचिन से मिलना चाहते थे। आगे का किस्सा तेंडुलकर ने कुछ इस तरह सुनाया, 'मैं हैरान था जब कोहली मेरे पैरों पर गिरा, सोचना लगा यह क्या हो रहा है। मैंने उससे पूछा तुम क्या कर रहे हो? उसे बताया कि इसकी कोई जरूरत नहीं है और यह भारतीय टीम की परंपरा नहीं। फिर वह उठा और हमने कोहली के पीछे चार शरारती लड़कों को खिलखिलाते हुए हंसते पाया।'
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3fqyqJ5






0 comments:
Post a Comment