नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने से संक्रमित हुए टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत का बचाव किया है। पंत इंग्लैंड में हैं और गुरुवार को खबर आई कि पंत कोविड-19 पॉजिटिव हो गए हैं। पंत फिलहाल आइसोलेशन में हैं और टीम के साथ जुड़ने से पहले उन्हें कोरोना टेस्ट में नेगेटिव आना होगा। पंत यूरो कप 2020 का मैच देखने के लिए गए थे। उन्होंने इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसके बाद उन्हें काफी ट्रोल किया गया था। असल में इस तस्वीर में उन्होंने मास्क नहीं पहना हुआ था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद टीम इंडिया को तीन सप्ताह का ब्रेक दिया गया था। इस दौरान खिलाड़ी बायो-बबल से बाहर निकल सकते थे। गांगुली ने हालांकि कहा कि पंत को दोष देना सही नहीं होगा। उन्होंने इस युवा क्रिकेटर का बचाव किया। न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू में गांगुली ने कहा, 'हमने इंग्लैंड में यूरो चैंपियनशिप और विंबलडन देखा है। नियम बदल चुके हैं। दर्शकों को मैदान के भीतर जाने की इजाजत है। वे छुट्टी पर थे और हर वक्त मास्क पहनकर रखना शारीरिक रूप से संभव नहीं है।' गांगुली ने जोर देकर कहा कि वह भारतीय खेमे को लेकर परेशान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक है और चीजों को सही तरीके से संभाला गया है। पंत के बाद थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट ध्यानचंद गारानी भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और बोलिंग कोच भरत अरुण को भी आइसोलेशन में जाना पड़ा है क्योंकि ये दोनों करीबी संपर्क में थे।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3z1mhT2






0 comments:
Post a Comment