नई दिल्ली भारतीय टीम का आज टी20 वर्ल्ड कप 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला है। टीम इंडिया और न्यूजीलैंड दोनों के लिए यह मुकाबला करो या मरो का है। दुबई इंटरनैशनल स्टेडियम में विराट के वीरों के सामने केन विलियमसन की सेना होगी। जो टीम इस मैच में जीत हासिल करेगी उसकी इस टूर्नमेंट में संभावनाएं कायम रहेंगी। वहीं हारने वाली टीम के लिए सेमीफाइनल की राह लगभग बंद हो जाएगी। भारतीय टीम हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं जीती है लेकिन 34 साल पहले आज ही के दिन न्यूजीलैंड से हुए वर्ल्ड कप मुकाबले से उसे प्रेरणा मिल सकती है। साल 1987 का वर्ल्ड कप मैच था। जब भारत के तेज गेंदबाज ने 50 ओवर वर्ल्ड कप में पहली हैट्रिक ली थी। दाएं हाथ के इस पेसर ने केन रदरफर्ड, इयान स्मिथ और इवेन चैटफील्ड को बोल्ड कर तिकड़ी बनाई थी। यह उनका छठा ओवर था। इस मैच की खासियत यह थी कि इसे जीतकर भारत ने सेमीफाइनल की जगह पक्की की थी और आज भी भारत और सेमीफाइनल के बीच कीवी चुनौती है। नागपुर में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी। भारत को ग्रुप में टॉप कर सेमीफाइनल में जाने के लिए 222 रन का अपना लक्ष्य 42.2 ओवर में हासिल करना था। भारत ने सिर्फ 32.1 ओवर में इस लक्ष्य को हासिल कर अंतिम चार में जगह बनाई थी। सलामी बल्लेबाज कृष्णमनचारी श्रीकांत ने 58 गेंद पर 75 रन बनाए थे। लेकिन असल कमाल सुनील गावस्कर के बल्ले से निकला। गावस्कर ने 85 गेंद पर 108 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। यह गावस्कर की पहला और एकमात्र वनडे इंटरनैशनल शतक था।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3CzB2ys






0 comments:
Post a Comment