शारजाहशोएब मलिक 39 वर्ष के हैं, लेकिन अब भी मैदान पर बने हुए हैं और पाकिस्तान के इस अनुभवी बल्लेबाज ने कहा कि फिटनेस के प्रति जुनूनी बनने से उनका अंतरराष्ट्रीय करियर इतना लंबा चल पाया है। मलिक पिछली सदी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी टीम के कुछ साथियों का तब जन्म भी नहीं हुआ था, लेकिन उन्हें पाकिस्तानी टीम के सबसे फिट खिलाड़ियों में आंका जाता है और वह अपने दम पर मैच जीतने की काबिलियत भी रखते हैं। मलिक ने रविवार को आईसीसी टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 18 गेंदों पर 54 रन बनाकर फिर से अपना कौशल दिखाया, जिससे पाकिस्तान ने 72 रन से जीत दर्ज की। मलिक ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो जब मैं आइना देखता हूं तो मेरे अंदर खुद को फिट रखने का जुनून पैदा होता है और सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मैं आज भी क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। इससे मदद मिल रही है और आखिर में टीम को भी इससे फायदा मिलता है।’ मलिक ने कहा, ‘मेरा मानना है कि अगर आप फिट रहना चाहते हैं तो आपको प्रत्येक दिन अभ्यास करना होगा और मैं यही कर रहा हूं। मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि मैं एक साल या दो साल और खेलूंगा। अभी एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता चल रही है और मैं इस बारे में नहीं सोच रहा हूं।’ पाकिस्तान सुपर 12 के ग्रुप दो में शीर्ष पर रहा और सेमीफाइनल में उसका सामना गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया से होगा। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2009 के बाद आईसीसी की किसी प्रतियोगिता में अपना पहला अर्धशतक जमाने वाले मलिक ने कहा, ‘निश्चित तौर हमने ऑस्ट्रेलिया को देखा है, जिस तरह से वे खेल रहे हैं। वे वास्तव में अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं। यह दोनों टीमों के लिए कड़ी चुनौती होगी।’ उन्होंने कहा, ‘जब पहली टीम घोषित की गयी तो मैं कैरेबियाई प्रीमियर लीग में खेल रहा था। टीम में मेरा नाम नहीं था। बेशक मुझे बुरा लगा। मैं बहुत निराश था। मैंने बहुत सी ऐसी टीमें देखी हैं जिनमें मेरा नाम नहीं था, लेकिन जब आप विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं होते हैं तो दुख होता है।’
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3H1sLG7






0 comments:
Post a Comment