केपटाउन केपटाउन टेस्ट में विराट कोहली ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है। मोहम्मद शमी की गेंद पर तेंबा बावुमा को कैच करते ही कोहली ने टेस्ट में अपने 100 कैच पूरे कर लिए। कोहली ने अपने टेस्ट करियर के 99वें मैच में कैचों का शतक पूरा किया। टेस्ट मैच में 100 कैच पूरे करने वाले वह भारत के छठे खिलाड़ी हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ियों में भारतीय सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का नाम सबसे ऊपर आता है। द्रविड़ ने 164 टेस्ट मैचों में 210 कैच पकड़े हैं। भारत के लिए वीवीएस लक्ष्मण 134 मैचों में 135 कैच, सचिन तेंडुलकर 200 मैचों में 115, सुनील गावस्कर ने 125 मैचों में 108 और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 99 मैचों में 105 कैच पकड़े थे। कोहली का शानदार कैच मोहम्मद शमी की गेंद ऑफ स्टंप के हल्का सा बाहर थी। बावुमा ने अपना बल्ला अड़ाया और गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया। कोहली दूसरी स्लिप में खड़े थे। एक लम्हे को लगा कि गेंद जमीन को छू जाएगी लेकिन कोहली ने अपने बाएं ओर छलांग लगाते हुए दोनों हाथों से गेंद को लपक लिया। गेंद जमीन से बस कुछ ही सेंटीमीटर ऊंची थी। बल्ले से भी दिखाया था कमाल इससे पहले कोहली ने बल्ले से भी कमाल की पारी खेली थी। भारतीय टीम ने पहली पारी में 223 रन बनाए थे। इसमें से 79 अकेले विराट के बल्ले से निकले थे। विराट ने गजब का संयम, धैर्य और जज्बे का प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों के लिए मुश्किलें पैदा की थीं। कोहली हालांकि सेंचुरी नहीं बना पाए थे लेकिन उनकी इस पारी की तारीफ महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी की थी।
from Cricket News in Hindi : Cricket Updates, Live Cricket Scorecard, Cricket Schedules, Match Results, Teams and Points Table, India vs Australia test series – Navbharat Times https://ift.tt/3FkKaHZ






0 comments:
Post a Comment