नई दिल्ली बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर की कॉमेंट्री पैनल से छुट्टी कर दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष जब इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। मांजरेकर हाल ही में रद्द की गई भारत और साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज में कॉमेंट्री टीम का हिस्सा नहीं थे। अटकलें हैं कि अब वह आगामी आईपीएल में भी कॉमेंट्री करते दिखाई नहीं देंगे। मांजरेकर ने इस मामले पर आज एक ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। शनिवार को हमारे सहयोगी 'मुंबई मिरर' ने यह रिपोर्ट छापी थी कि मांजरेकर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में कॉमेंट्री पैनल का हिस्सा नहीं बनाया गया और अब आईपीएल के 13वें सीजन में भी उन्हें कॉमेंट्री पैनल से बाहर रखा जाएगा। मांजरेकर धर्मशाला वनडे मैच के लिए कॉमेंट्री टीम के साथ नहीं थे। इस बीच संजय मांजरेकर ने आज शाम एक ट्वीट कर खुद को कॉमेंट्री पैनल से हटाए जाने पर प्रतिक्रिया दी है। मांजरेकर ने इस ट्वीट में लिखा, 'मैंने कॉमेंट्री को सौभाग्य माना है। लेकिन इसे कभी अधिकार नहीं माना। यह मेरे नियोक्ताओं पर कि वह मुझे चुनें (कॉमेंट्री के लिए) या नहीं और मैं हमेशा ही इसका सम्मान करता हूं। संभवत: बीसीसीआई मेरे प्रदर्शन से खुश नहीं होगा। प्रफेशनल तौर पर मैं इसे स्वीकार करता हूं।' हालांकि बीसीसीआई के एक अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि मांजरेकर आईपीएल में कॉमेंट्री करते दिखाई दे सकते हैं। एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक अधिकारी के हवाले से लिखा गया, 'हां, इस सीरीज के लिए वह पैनल का हिस्सा नहीं थे। लेकिन इसका यह कतई मतलब नहीं है कि वह आईपीएल या अगली सीरीज में भी कॉमेंट्री का हिस्सा नहीं होंगे।' इस अधिकारी ने यह भी कहा कि मांजरेकर का कॉमेंट्री पैनल से बाहर होने का क्या कारण इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच गुरुवार (12 मार्च) को धर्मशाला में था, जो बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसके बाद सीरीज के बाकी दो वनडे मैच दुनिया में फैले कोरोना वायरस के खतरे के चलते रद्द कर दिए गए।
from Cricket News in Hindi, Cricket Updates, Live Scorecard, Schedules, Results, Teams and Points Table – Navbharat Times https://ift.tt/2vZR3kx






0 comments:
Post a Comment